नूंह। खंड के बाजड़का गांव निवासी अशरफ की जमीन पर फर्जी तरीके से 8 लाख 40 हजार का लोन लेने का मामला सामने आया है। इसमें पुलिस ने शिकायत पर दो नामजद आरोपियों समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित अशरफ ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 24 अक्तूबर 2019 को सेंट्रल बैंक के प्रबंधक लोन की वसूली के लिए घर पहुंचे। बैंक प्रबंधक ने बताया कि फरवरी 2019 में 8 लाख 40 हजार का लोन लेने के बाद अभी तक एक रुपये भी जमा नहीं किए गए। बैंक प्रबंधक की बात सुनकर पीड़ित अशरफ हैरान हो गया।
पीड़ित ने बताया कि मैंने तो कभी भी सेंट्रल बैंक ही नहीं देखा और न ही किसी प्रकार का लोन लिया। इस मामले को लेकर पीड़ित 29 अक्तूबर को बैंक पहुंचा और लोन की फाइल को देखी तो सारी जमीन पर लोन लिया पाया गया। फर्जी फोटो लगने के अलावा दिखाया गया गवाह भी गांव का निवासी नहीं पाया गया। पीड़ित ने इस मामले को एक साजिश बताया। पीड़ित ने कहा कि किसी दलाल ने यह लोन लिया है। इसके अलावा तहसील कार्यालय में मेरे नाम से पेश होकर मेरी जमीन की रजिस्ट्री भी बैंक के नाम कर दी। पीड़ित ने इस मामले को लेकर पुलिस को शिकायत देकर नामजद महावीर नंबरदार निवासी बैंसी व कासम पुत्र जुहरू निवासी गांव बाजड़का सहित कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जांच अधिकारी एएसआई नरेंद सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई है। जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।