जेवर सीएचसी में 30 फीसदी मरीज खांसी-जुकाम से पीड़ित, ठंड के साथ बढ़ी वायरल संक्रमण की शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में तापमान गिरते ही जुकाम, खांसी और मौसमी संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर में इन दिनों 30 प्रतिशत मरीज संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार इन दिनों सीएचसी पहुंचने वाले मरीजों में लगभग 30 प्रतिशत लोग वायरल संक्रमण, खांसी-जुकाम और गले की समस्याओं से पीड़ित हैं। कई मरीज तेज बुखार, सिरदर्द और गले में खराश जैसी दिक्कतें लेकर पहुंच रहे हैं। ओपीडी पर भीड़ बढ़ने की वजह से चिकित्सा कर्मियों को लगातार अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है।
बचाव के लिए बरतें सावधानी
चिकित्सकों ने सलाह दी है कि इस मौसम में गर्म कपड़ों का उपयोग, साफ-सफाई, गुनगुना पानी पीना और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना संक्रमण से बचाव में मदद करता है। चिकित्सा अधीक्षक शर्फे जेयां ने लोगों से अपील की है लक्षण बढ़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से परामर्श लें।