-480 करोड़ की परियोजना का मार्ग प्रशस्त, 49 किमी लंबा मार्ग बनेगा फोरलेन
- खूनी रोड़ के नाम से मशहूर है नूंह–मुंडाका बॉर्डर मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण नूंह से मुंडाका बॉर्डर तक करीब 49 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 480 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पहले चरण में 7 मार्च को करीब 113 एकड़ वन भूमि के डायवर्जन को मंजूरी मिल गई है। मंजूरी के बाद अब हरियाणा सरकार को केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा, जिसके बाद परियोजना को अंतिम स्वीकृति मिल सकेगी।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने परियोजना के लिए 113 एकड़ वन भूमि के उपयोग को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी परियोजना के पहले चरण के तहत दी गई है। इसके बाद हरियाणा सरकार को मंत्रालय की सभी शर्तों का पालन करना होगा। शर्तों की पूर्ति के बाद ही इस परियोजना को अंतिम स्वीकृति मिल पाएगी और निर्माण कार्य पूरी तरह से शुरू हो सकेगा। इस सड़क के बनने से मेवात क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार और आवागमन में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
- प्रतिपूरक वनीकरण की शर्त
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि परियोजना लागू करने वाली एजेंसी को वन भूमि के उपयोग से पहले प्रतिपूरक वनीकरण की पूरी लागत और वन भूमि का निर्धारित मूल्य जमा कराना होगा। यह राशि पर्यावरण मंत्रालय के परिवेश पोर्टल के माध्यम से जमा कराई जाएगी। साथ ही सभी शर्तों के पालन की रिपोर्ट भी इसी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। आदेश के अनुसार नूंह जिले में लगभग 113 एकड़ गैर-वन भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण किया जाएगा, ताकि वन क्षेत्र के नुकसान की भरपाई की जा सके।
- कई गांवों में होगा पौधरोपण
प्रतिपूरक वनीकरण के तहत नूंह जिले के कई गांवों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए कोटला, मालब, टांई, करहेड़ी, घागस, उलेटा, कंसाली, बड़का अलीमुद्दीन, मरोड़ा और फखरपुरी खोरी सहित अन्य गांवों में पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मंजूरी मिलने के एक वर्ष के भीतर पौधारोपण का कार्य पूरा किया जाए। साथ ही इसमें स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके।
- लंबे संघर्ष के बाद मिली मंजूरी
भाजपा जिला पार्षद व प्रदेश उपाध्यक्ष माइनॉरिटी तौफीक हिंगनपुरिया ने कहा कि नूंह से मुंडाका बॉर्डर तक का यह मार्ग लंबे समय से हादसों के कारण खूनी हाईवे के नाम से बदनाम रहा है। इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर वर्ष 2017 से 2021 तक क्षेत्र के लोगों ने कई आंदोलन किए। इस दौरान धरने-प्रदर्शन, जन-जागरूकता अभियान, पदयात्रा, मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया। लगातार उठती मांगों के बाद आखिरकार सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दी।
जल्द शुरू हो सकती है पेड़ों की कटाई :
सूत्रों के अनुसार इस महीने के अंत तक परियोजना के लिए आवश्यक पेड़ों की कटाई का कार्य शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रतिपूरक वनीकरण के तहत घागस, कंसाली समेत कई गांवों में पौधारोपण की तैयारी भी शुरू की जाएगी।
2200 लोगों की जा चुकी है जान :
पिछले करीब दस वर्षों में इस मार्ग पर हुए सड़क हादसों में लगभग 2200 लोगों की मौत हो चुकी है। संकरी सड़क, भारी ट्रैफिक और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह मार्ग लंबे समय से हादसों के लिए कुख्यात रहा है। ऐसे में इस मार्ग का फोरलेन बनना मेवात क्षेत्र के लोगों के लिए न केवल बेहतर कनेक्टिविटी बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वर्जन
सरकार एनएच 248ए को फोरलेन बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है। अब 113 एकड़ वन भूमि डायवर्जन मंजूर कर दिया गया है। जिसको लेकर सारी फॉर्मेलिटी पूरी की जा रही हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
प्रदीप सिंधु, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग, नूंह