सेक्टर-45 स्थित एनआरआई रेजिडेंसी सोसाइटी की ऑडिट रिपोर्ट 45 दिन बाद आएगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-45 स्थित एनआरआई रेजिडेंसी सोसाइटी की मजबूती को परखने के लिए अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) की ओर से स्ट्रक्चरल ऑडिट का काम शुरू करवा दिया गया है। इसके लिए एओए की ओर से विशेष एजेंसी का चयन किया गया है जो आईआईटी दिल्ली के लिए भी काम करती है। 1 अक्तूबर से शुरू हुए ऑडिट का काम 15 नवंबर तक एजेंसी की ओर से पूरा करके रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। ऑडिट में रिबाउंड हैमर टेस्ट, अल्ट्रासोनिक पल्स वेग परीक्षण, कोर निष्कर्षण और परीक्षण, कार्बोनेशन गहराई परीक्षण, क्रैक मैपिंग, हाफ-सेल संभावित परीक्षण, केमिकल परीक्षण आदि किया जाएगा।
एओए अध्यक्ष मुरलीधर काजा ने बताया कि एओए को नौ साल बाद बिल्डर से हैंडओवर मिला है। ऐसे में एओए ने सोसाइटी का मेंटनेंस शुरू कर दिया है। सोसाइटी में 2016 से लोगों ने रहना शुरू किया था। सोसाइटी में 621 फ्लैट, 20 दुकानें और 21 स्टूडियो अपार्टमेंट हैं। हालांकि, 10 साल की अपेक्षा सोसाइटी की हालत ठीक है लेकिन बेसमेंट में एक्सपेंशन ज्वाइंट की समस्या होने की वजह से पानी का रिसाव होता है और सीलन की समस्या भी बनी हुई है। इसके अलावा प्लास्टर भी गिरता रहता है। एओए का कहना है कि स्ट्रक्चरल ऑडिट का काम इसलिए शुरू करवाया है ताकि किसी भी हाल में सोसाइटी के स्ट्रक्चर से संबंधित समस्या पता की जा सके। रिपोर्ट आने के बाद पूरी सोसाइटी का रेनोवेशन किया जाएगा और यह नोएडा की प्रीमियम सोसाइटी बनाई जाएगी।
आईआईटी दिल्ली के लिए भी काम करती है एजेंसी
मुरलीधर ने बताया कि स्ट्रक्चरल ऑडिट के बारे में हमने रेनोवेशन कमेटी से चर्चा की थी। इसके बाद कमेटी के सदस्यों की ओर से स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए कई एजेंसियों को बुलाया गया। इन एजेंसियों में हमने स्केलेटन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी का चयन किया है। यह एजेंसी आईआईटी दिल्ली के प्रोजेक्ट्स के लिए भी काम करती है। इसके अलावा एजेंसी ने एम3एम, गेल, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा आदि पर भी काम किया है। मुरलीधर ने बताया कि एजेंसी की ओर से 1 अक्तूबर से काम शुरू किया गया है और संभवत: 15 नवंबर तक एजेंसी की ओर से काम पूरा कर रिपोर्ट हमें सौंप दी जाएगी। 45 दिन में स्ट्रक्चरल ऑडिट पूरा हो जाएगा।