प्रेम विवाह से नाराज पिता और भाई ने युवती की गला दबाकर की हत्या
-परिजनों की मर्जी के खिलाफ गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में हापुड़ के युवक से की थी शादी
- बिसरख कोतवाली पुलिस ने तीन घंटे में हत्या का खुलासा कर हत्यारोपी पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्रेम विवाह से नाराज पिता व भाई ने चिपियाना गांव निवासी युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। बिसरख कोतवाली पुलिस ने सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच की और मात्र तीन घंटे में घटना का खुलासा कर हत्या के आरोपी पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान चिपियाना निवासी पिता भानू राठौर व भाई हिमांशु के रूप में हुई है।
चिपियाना गांव की नेहा राठौर (23) का प्रेम संबंध बेसलौटा गांव थाना बाबूगढ़ छावनी हापुड़ के सूरज सिंह से था। हापुड़ में पढ़ाई के दौरान आठवीं कक्षा से दोनों एक दूसरे को जानते थे। युवक वर्तमान में हापुड़ में पिकअप चलाता है। यही कारण था कि नेहा के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उन्होंने नेहा को सूरज से मिलने से रोक रखा था। बावजूद नेहा ने मंगलवार को गाजियाबाद कोर्ट परिसर के समीप एक आर्य समाज मंदिर में सूरज से शादी कर ली। शादी को पंजीकृत कराने के लिए दोनों गाजियाबाद के रजिस्ट्रार ऑफिस भी गए। शादी के बाद नेहा उसी शाम को अपने घर चली आई। नेहा के परिवारवालों को कोर्ट परिसर के एक वकील से शादी की जानकारी मिली तो वह नाराज हो गए। बुधवार सुबह नेहा के पिता और भाई ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। अपराध छिपाने के लिए एक घंटे के भीतर सुबह करीब साढ़े छह बजे चिपियाना गांव में नेहा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार के दौरान गांवों वालों को जानकारी दी गई कि नेहा को बुखार था। तबीयत खराब होने से अचानक उसकी मृत्यु हुई है। उधर नेहा की संदिग्ध मौत की जानकारी जब सूरज को हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। अंतिम निवास स्थल प्रशासन ने भी संदिग्ध मौत के बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिता-पुत्र को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में पिता-पुत्र ने सब कुछ सच उगल दिया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है है कि हत्या की गुत्थी सुलझाकर पुलिस ने आरोपी पिता और भाई को गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।