-चाकू से वार कर किया लहूलुहान, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। कस्बे में मां की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने उस पर चाकू और फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को इलाज के लिए नूंह के नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से पलवल जिले के हथीन क्षेत्र के गांव छायंसा की रहने वाली 40 वर्षीय वहीदन पिछले कुछ समय से पिनगवां में रह रही थी। करीब एक साल पहले वहीदन ने छायंसा निवासी नजरूदीन के साथ चंडीगढ़ में कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दोनों पिनगवां की वार्ड नंबर तीन स्थित भाट कॉलोनी में रह रहे थे। वहीदन का पहला पति मुस्ताक भी छायंसा का ही निवासी है, जबकि पीड़िता का मायका हसनपुर क्षेत्र के झुंड बास गांव में बताया गया है। बताया जा रहा है कि वहीदन की दूसरी शादी को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वहीदन के बड़े बेटे राशिद ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर पिनगवां स्थित घर में हमला कर दिया। आरोप है कि राशिद ने मीट काटने वाले चाकू से अपनी मां पर ताबड़तोड़ वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले मांडीखेड़ा स्थित अल आफिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे नल्हड़ अस्पताल रेफर कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पुन्हाना जितेंद्र राणा भी मौके पर पहुंचे और पीड़िता के परिजनों से बातचीत कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।