सेक्टर-62 के सी ब्लॉक में टावर पर चढ़ी थी युवती, पुलिस की मदद के आश्वासन पर उतरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दो साल तक साथ रहने के बाद प्रेमी के शादी करने से नाराज युवती शनिवार दोपहर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सेक्टर-62 के सी ब्लॉक में टावर पर चढ़कर चिल्लाने और जान देने की सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम ने युवती को समझाकर सकुशल नीचे उतारा। युवती की काउंसिलिंग कराई और उसके बाद परिजन के साथ भेज दिया।
कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस को शनिवार दोपहर को 20 वर्षीय युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली। कोतवाली प्रभारी के करीब घंटेभर समझाने व हर संभव मदद के आश्वासन के बाद वह उतरी। पुलिस ने बताया कि वह रामपुर गांव की है। दो साल से बिहार के युवक के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। दोनों नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करते थे। युवक बिहार में किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है। इस बात से युवती परेशान है। कोतवाली प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया है।