गेट पर टोकने से खफा सेवानिवृत सीओ के बेटे ने की थी चौकीदार की हत्या
- नालेज पार्क क्षेत्र की जेपी अमन सोसाइटी से कुंडली गांव के रास्ते पर दो दिन पहले मिला था शव
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में दो दिन पहले हुई जेपी अमन सोसाइटी के बुजुर्ग चौकीदार नंदराम की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौकीदार की टोकाटोकी से नाराज सोसाइटी निवासी रिटायर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के बेटे शाश्वत सिंह ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने शाश्वत को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना नॉलेज पार्क प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से शाहजहांपुर निवासी श्वाश्वत देर रात सोसाइटी से बाहर जाता तो चौकीदार नंदराम उससे रात को कहां जा रहे हो और इतनी रात को क्या काम पड़ गया जैसे सवाल पूछता था। दो दिन पहले भी जब श्वाश्वत देर रात 12:30 बजे सोसाइटी से बाहर जाने लगा तो नंदराम ने फिर पूछताछ की। इसको लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चौकीदार के सिर में पत्थर से वार कर दिया। इससे चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर और चौकीदार के खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर हत्या से संबंधित अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम मदद
नंदराम की हत्या से पहले उसकी आरोपी से बहस सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इस फुटेज से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। सेक्टर-150 में लगे इस कैमरे के फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बहस शुरू होने के बाद चौकीदार ने उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था।
कोट
हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामूली कहासुनी के कारण ही युवक ने घटना को अंजाम दिया था।- अशोक कुमार, एडीसीपी ग्रेनो जोन।