फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अव्यवस्था के बीच 100 बच्चों को लगी कोर्बेवैक्स की पहली डोज

विज्ञापन
वैक्सीन लगवाती छात्रा। अमर उजाला
विज्ञापन
नोएडा। कोरोना से सुरक्षा के लिए 12 से 14 साल तक के बच्चों का टीकाकरण अभियान बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन अव्यवस्थाओं के बीच जिले के सिर्फ चार केंद्रों में 100 बच्चों को पहली डोज लगाई गई। वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से जिले के 25 केंद्रों पर रोजाना 6500 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विज्ञापन

बरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बच्चों के टीकाकरण केंद्र की विधिवत शुरुआत की। इसके अलावा जेवर, दादरी और दनकौर सीएचसी में भी बच्चों को टीके लगाए गए। कोविन पोर्टल पर दोपहर दो बजे के बाद स्लॉट बुकिंग शुरू हुई। ऐसे में अभिभावकों को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, सुबह 10 बजे से रजिस्टर में एंट्री दर्ज कर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों के टीकाकरण की शुरुआत कर दी थी।
वहीं, बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के टीकाकरण के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया, जिसके मुताबिक सोमवार से 25 केंद्रों पर बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। जिन स्कूलों में पहले से 15 से 17 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण हो रहा है, उन्हीं स्कूलों में 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग से टीकाकरण केंद्र बनेंगे। इन केंद्रों पर टीका लगाने के लिए स्टाफ भी अलग से तैनात किया जाएगा। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराकर अभिभावक बच्चों को टीके लगवा सकेंगे। आयु की प्रमाणिकता के लिए जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पहचान पत्र में से कोई एक दस्तावेज अनिवार्य होगा। सुबह 10 से शाम चार बजे तक टीकाकरण होगा।
विज्ञापन

आज से तीन दिन तक नहीं लगेगा टीका
होली के अवकाश के कारण जिले में बृहस्पतिवार से रविवार तक टीकाकरण केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि, रविवार को जिला अस्पताल और जिम्स केंद्र खुले रहेंगे, लेकिन इनमें बच्चों का टीकाकरण नहीं होगा। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग ही स्लॉट बुक कराकर टीकाकरण करा सकेंगे।
बच्चों का टीकाकरण जरूर कराएं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार से निर्धारित केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक टीकाकरण अभियान चलेगा। अभिभावकों से अपील है कि वह बच्चों का जल्दी से जल्दी टीकाकरण कराएं। टीका लगवाने आते समय बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र लाना न भूलें। टीकाकरण के लिए आयु प्रमाणपत्र होना बहुत जरूरी है।
2151 लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन
बुधवार को जिले में 2151 लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई गई। 12 से 14 वर्ष आयु के 100 बच्चों को पहली, 15 से 17 वर्ष आयु के 167 को पहली और 508 को दूसरी, 18 वर्ष से अधिक उम्र के 247 को पहली और 906 को दूसरी, 60 वर्ष से अधिक उम्र के 10 को पहली और 57 को दूसरी डोज दी गई, जबकि 156 लोगों ने भी एहतियाती डोज लगवाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें