देहरादून के गढ़ी कैंट के सप्लाई डिपो में तैनात हैं सूबेदार मेजर योग राज
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूबेदार मेजर योग राज ने अपनी पहचान के दुरुपयोग और छवि खराब करने की साजिश का आरोप लगाया है। वे देहरादून के गढ़ी कैंट के सप्लाई डिपो में तैनात हैं। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को दिल्ली निवासी निशांत तोमर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
सूबेदार मेजर ने तहरीर में बताया कि किसी ने उनके नाम और पद का गलत इस्तेमाल कर रक्षा मंत्रालय और वरिष्ठ सैन्य व सिविल अधिकारियों को एक फर्जी पत्र भेजा था। उसमें भ्रामक सामग्री थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नई दिल्ली के एंड्रूज गंज निवासी निशांत तोमर ने एक जनवरी को गौतमबुद्ध नगर के नॉलेज पार्क अल्फा-1 स्थित डाकघर से पोस्ट किया था।
सूबेदार मेजर ने आरोप लगाया कि पत्र के कारण उनकी साख को नुकसान पहुंचा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।