प्रबंधन ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में एक निजी स्कूल पर असामाजिक तत्वों ने अवैध कब्जा कर ताला जड़ दिया। विद्यालय बंद होने से बड़ी संख्या में बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है। स्कूल प्रबंधन ने इस संबंध में जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जेवर एसडीएम इस संबंध में निर्णय लेंगे। जेवर के पुरानी अनाज मंडी स्थित विद्यालय में 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश था। 16 जनवरी को अवकाश समाप्त होने के बाद जब विद्यालय खोला जाना था, तो मुख्य द्वार पर पहले से ताला लटका मिला। मानक चौक, जेवर निवासी स्कूल प्रबंधन सावित्री देवी का दावा है कि विद्यालय उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त है और पिछले 11 वर्षों से संचालित है। आरोप है कि विद्यालय भवन पर अवैध कब्जा करने के साथ-साथ कार्यालय में रखी करीब 1 लाख 75 हजार रुपये और महत्वपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।
आरोप है कि साजिश के तहत विद्यालय की गेट पर ताला लगा दिया है। विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी भी दी।
डीएम से हस्तक्षेप कर कार्रवाई व सुरक्षा की मांग
प्रबंधक के अनुसार विद्यालय बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप है। उनका कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद इसे दीवानी विवाद बताकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रबंधक सावित्री देवी ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। मांग है कि अधिकारियों को मौके पर भेजकर तत्काल विद्यालय का ताला खुलवाया जाए और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।