ग्रेटर नोएडा। ओमीक्रोन-1 में किसान नेता के पोते प्रियांशु पर फायरिंग के मामले में आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम आरोपी पक्ष से जुड़े एक अधिवक्ता के घर पहुंची। अधिवक्ताओं ने अपने साथी अधिवक्ताओं के माध्यम से अभद्रता के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया है। गौरतलब है कि शनिवार को किसान नेता बलराज भाटी के पोते प्रियांशु भाटी की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। प्रियांशु व आरोपी छात्र एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ते हैं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
आरोपी छात्र ने आधा दर्जन साथियों के साथ प्रियांशु पर हमला किया था। सोमवार को पुलिस जब आरोपी पक्ष से जुड़े अधिवक्ता के घर पहुंची, तो परिजन ने इसका विरोध किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस टीम और आरोपी परिजन के बीच बहस होती दिख रही है। आरोपी पक्ष के एक अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने घर में घुसकर बुलडोजर चलाने की धमकी देकर महिलाओं के साथ धक्का मुक्की की है। पुलिस किसान संगठन के दबाव में कार्रवाई कर रही है। वहीं प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि अभद्रता के आरोप निराधार हैं।