-टोल फ्री नम्बर पर शिकायत करने से नाराज जेई ने ग्रुप पर लिखे थे मैसेज, कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना सिटी के सेक्टर-22डी सोसाइटी अध्यक्ष ने बिजली विभाग के जेई पर अभद्रता का आरोप लगाकर उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर 22 D वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार रात को सोसायटी में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसको लेकर कई लोगों ने 1912 पर काल कर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही उन्होंने भी संबंधित जेई को ग्रुप पर मैसेज लिखकर समस्या से अवगत कराया। आरोप है कि जेई ने ग्रुप पर ही उनके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, साथ ही धमकी भी दी। इसके बाद अन्य लोगों ने ग्रुप पर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। निवासियों ने उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत कर दीं। कुछ देर बाद ही जेई ने पोस्ट किए गए सभी मैसेज को डिलीट कर दिया।
सलारपुर बिजली उपकेंद्र पर तैनात जेई चंद्रशेखर का कहना है कि फॉल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिये ठप हुई थी, जिसे कुछ ही देर में सुचारू कर दिया गया था। किसी के भी साथ अभद्रता नहीं की गई है। अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी का कहना है कि बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर जेई पर कार्रवाई की मांग की गई है।