संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। मकान में टैक्टर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक की नौबत आ गई। आरोप है कि एक ही गांव में रहने वाले दबंगों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामला तकरीबन 25 दिनों पहले का है। शिकायत पर बिछौर थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई गांव निवासी शरीफ ने बताया कि वो अपने बेटे असफाक के साथ 4 नवंबर की सुबह खेतों की जुताई करने पहुंचे थे। उन्होंने खेत के किनारे ट्रैक्टर खड़ा किया ही था कि उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जावेद, अफरोज, पुप्पा, मौसिम, जुनैद व मुस्तकुर वहां आ पहुंचे। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग पास ही मकान बनाकर रहते हैं और ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर कहने लगे कि उनकी दीवार को नुकसान पहुंचा है। आरोपियों ने आते ही उन पर हमला बोल दिया। घायल अवस्था में अषफाक को पुन्हाना के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया जहां उसका इलाज किया गया। आरोप है कि आरोपी साइबर ठगी जैसे अपराध करते है और आए दिन इलाके में विवाद खड़ा करते रहते हैं।