दनकौर (संवाद)। अच्छेजा बुजुर्ग गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस के दो सगे भाइयों पर घर में घुसकर मारपीट कर पथराव करने का आरोप लगाया है। घटना में पीड़ित पक्ष के दो लोगों को चोट आई है। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है। प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति बुधवार को सुबह उसके घर जनरेटर किराये पर लेने के लिए आया। पीड़ित ने जेनरेटर देने से मना कर दिया तो आरोपी ने गाली गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने अपने सगे भाई को भी बुलाकर उसके बेटे और बुजुर्ग पिता को पीटकर घायल कर दिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है की शिकायत लेकर जांच की जा रही है।
पिस्टल और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
दनकौर (संवाद)। ननुआ का राजपुर गांव के पास से मंगलवार रात पुलिस ने एक आरोपी को पिस्टल और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार की रात सूचना मिली कि एक आरोपी पिस्टल और कारतूस के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। जिसके आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से धर दबोचा। आरोपी की पहचान क्षेत्र के मुंहफाड़ गांव निवासी गौरव के रूप में हुई हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है।