- सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर हुआ चयन, 11 से 17 नवंबर तक मध्य प्रदेश में होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर स्वर्ण नगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल के उभरते क्रिकेटर अक्षज सिंह भाटी ने शानदार प्रदर्शन के दम पर एक और उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के 70वें राष्ट्रीय विद्यालय खेलों के लिए हुआ है। अक्षज ने सीबीएसई नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 के अंडर-19 बालक वर्ग में कांस्य पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। उनके चयन से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हाल ही में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अक्षज ने नॉर्थ जोन-1 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। प्रतियोगिता में उनके शानदार खेल और प्रदर्शन के दम पर टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। उनके खेल कौशल और लगातार मेहनत को देखते हुए एसजीएफआई राष्ट्रीय विद्यालय खेलों के लिए चयन किया गया है।
एसजीएफआई की ओर से आयोजित 70वें राष्ट्रीय विद्यालय खेलों की अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में 11 से 17 नवंबर तक होगी। इसका आयोजन मध्य प्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रतिभाशाली स्कूली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई :
विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला ने अक्षज को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अक्षज राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे। उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई और अतिरिक्त उप-प्रधानाचार्या (स्पोर्ट्स) नीरज सिंह ने भी अक्षज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।