नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में आने वाले हर वाहन की हो रही जांच, चप्पे-चप्पे पर की जा रही निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। सावन माह और स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था सख्त है और पुलिस हाई अलर्ट है। प्रशासन 15 अगस्त की तैयारियों में जुटा है और चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। वहीं राष्ट्रीय पर्व से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा को और बढ़ा दिया गया है। परिसर के अंदर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है, जो हर आने जाने वाले की निगरानी कर रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था और 15 जून से यहां उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। 15 अगस्त को एयरपोर्ट से कॉमर्शियल उड़ानें शुरू हुए दो महीने पूरे हो जाएंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार यहां से उड़ानें बढ़ाने की तैयारी कर रहा है और अक्टूबर में इंटरनेशनल उड़ानें भी शुरू होने की संभावना है। ऐसे में अराजक तत्व किसी तरह की गड़बड़ी न करें और आम यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए परिसर के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। एयरपोर्ट परिसर के अंदर प्रवेश के बाद बने एंट्री सर्किल पर पुलिस फोर्स तैनात है, जो यहां आने वाले हर वाहन की जांच कर रही है।
जांच के बाद ही वाहनों को मिल रहा है प्रवेश
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश का पहला ऐसा एयरपोर्ट है, जहां परिसर के अंदर ही थाने की स्थापना की गई है। यहां पर एक थाना संचालित हो रहा है, जबकि आने वाले दिनों में एक और थाना शुरू हो जाएगा। जिससे कि परिसर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बेहतर रखा जा सके। एयरपोर्ट में इस समय लगभग 16 शहरों के लिए उड़ानें मिल रही हैं। विमान यात्रा के लिए हर दिन सैकड़ों यात्रियों का एयरपोर्ट पर आवागमन हो रहा है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार यहां निगरानी कर रही है। शनिवार को दानापुर हाईवे, एयरपोर्ट के गोल चक्कर समेत अन्य प्वाइंटों पर पुलिस फोर्स तैनात रही और वाहनों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया।
ग्रामीणों को भी किया जा रहा है जागरूक
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। सीआईएसएफ और पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को भी जागरुक किया जा रहा है कि वह किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि करने से बचें। अगर कोई ऐसा करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। जरा भी संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। एयरपोर्ट की सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है।
-पूनम मिश्रा, एडीसीपी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट