फोटो – वायु गुणवत्ता की रियल-टाइम निगरानी से मिलेगी प्रदूषण की सटीक जानकारी
पीयूष गौतम
यमुना सिटी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के समीप दयानतपुर गांव में अत्याधुनिक एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। यह स्टेशन एयरपोर्ट क्षेत्र और आसपास के इलाकों की वायु गुणवत्ता की रीयल-टाइम निगरानी करेगा। पहल को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा।
एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन में लगे उन्नत सेंसर लगातार पीएम 2.5, पीएम 10, तापमान, आर्द्रता और विभिन्न हानिकारक गैसों के स्तर को मापते रहेंगे। प्राप्त आंकड़े प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को दर्शाएंगे, जिससे समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे। यह निर्माण गतिविधियों और परिचालन के दौरान पर्यावरणीय मानकों को सुनिश्चित करेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के पहले नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन वाले एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन उस दिशा में ठोस पहल माना जा रहा है।
तकनीकी सटीकता के साथ होगी निगरानी :
एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जो हवा में मौजूद धूलकणों और विषैली गैसों की मात्रा का सटीक आंकलन करेगा। इससे यह भी पता लगेगा कि प्रदूषण का स्तर किन समयों या गतिविधियों के दौरान अधिक बढ़ रहा है।
औद्योगिक गतिविधियों से उत्पन्न प्रदूषण नियंत्रण में मिलेगी मदद : एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन से न केवल निर्माण कार्यों पर निगरानी रखी जाएगी, बल्कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यातायात, हवाई उड़ानों और औद्योगिक गतिविधियों से उत्पन्न होने वाले प्रदूषण के निगरानी में भी मदद मिलेगी।