पैसा नहीं मिलने पर सोसाइटी से सुरक्षा गार्ड हटाए
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की फ्रेंच अपार्टमेंट सोसाइटी के कई टावरों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती न होने की वजह से निवासी परेशान हैं। बिल्डर प्रबंधन की ओर से पैसे नही दिए जाने से सुरक्षा एजेंसी ने अपने गार्डों की संख्या कम कर दी है। ऐसे में पांच से अधिक टावर में कोई गार्ड ड्यूटी पर नहीं है। अब लोगों को सुरक्षा का डर सता रहा है।
सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सचिव आशुतोष सिंह ने बताया कि परिसर में करीब 12 टावर हैं, जिसमें 1078 फ्लैट बने हुए हैं। वर्तमान में 800 से अधिक परिवार रह रहे हैं। सोसाइटी में एओए बना हुआ है। लेकिन बिल्डर प्रबंधन की मनमानी जारी है। आरोप है कि सोसाइटी में सुरक्षा की जिम्मेदारी एजेंसी को दे रखी है। एजेंसी का पैसे प्रबंधन के नहीं देने की वजह से सुरक्षा गार्डों की संख्या में कमी कर दी गई है। बृहस्पतिवार को पांच से अधिक टावर की लाबी में गार्ड नहीं होने से बाहरी लोग बिना किसी रोकटोक के आ जा रहे हैं।