- लॉयड लॉ कॉलेज की दो छात्राओं की मौत से परिसर में पसरा सन्नाटा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गुरुग्राम में हुए सड़क हादसे में नॉलेज पार्क स्थित लॉयड लॉ कॉलेज की एलएलबी द्वितीय वर्ष की छात्राएं प्रतिष्ठा मिश्रा और लावन्या की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में सन्नाटा पसर गया। जानकारी के मुताबिक दोनों छात्राएं कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित डांडिया में शामिल होने के बाद गुरुग्राम गईं थीं।
कॉलेज से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका प्रतिष्ठा मिश्रा के पिता चंद्र मणि मिश्रा वर्तमान में अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय रायबरेली में तैनात है। वह नियमित रूप से कॉलेज आती थी। जबकि लावन्या के पिता देवेंद्र पाल आईटीबीपी सिलीगुड़ी बंगाल में निरीक्षक है। दोनों छात्राएं कॉलेज के हॉस्टल में नहीं रहती थीं। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार वह जेपी अमन सोसाइटी के नजदीक एक फ्लैट लेकर रह रही थीं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह साथ रहती थीं या अलग-अलग।
शुक्रवार देर रात कॉलेज के एमबीए डिपार्टमेंट में डांडिया नाइट का आयोजन हुआ था। जिसमें दोनों छात्राओं ने हिस्सा लिया था। कुछ छात्रों का कहना है कि कार्यक्रम के बाद दोनों अपने थार सवार दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल होने के लिए गुरुग्राम पहुंचीं थीं। लावन्या नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित नहीं रहती थीं। इस संबंध में उसके परिजन को मेल से सूचित भी किया गया था। वहीं प्रतिष्ठा की उपस्थिति ठीक बताई गई है। पढ़ाई में दोनों छात्राएं औसत दर्जे की थीं। कॉलेज की ओर से इस बात की जांच की जा रही है कि बृहस्पतिवार को वह क्लास लेने आईं थीं या नहीं। वहीं कॉलेज के लॉ विभाग के एचओडी अखिलेश कुमार ने बताया कि डांडिया कार्यक्रम सिर्फ एमबीए और मैनेजमेंट छात्रों के लिए आयोजित था। हादसे की जानकारी मिलते ही सभी स्तब्ध हैं। कॉलेज परिवार दिवंगत छात्राओं के परिजनों के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करता है।