-07 जून है दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि
-बीटेक-बी-आर्क में मई के तीसरे सप्ताह तक शुरू होंगे दाखिले
-इन प्रोग्राम में प्रवेश जेईई मेन के स्कोर के आधार पर होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी महिला विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत एमटेक, एमसीए, एम प्लान और पीएचडी के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन सात जून तक किया जा सकता है। जबकि बीटेक और बी-आर्क में दाखिले ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग (जैक) की ओर से मई के तीसरे सप्ताह तक शुरू होंगे। इन प्रोग्राम में दाखिले जेईई मेन के स्कोर के आधार पर होंगे।
आईजीडीटीयूडब्ल्यू में दो वर्षीय एमटेक प्रोग्राम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, वीएलएसआई डिजाइन में उपलब्ध है। इन सभी के लिए कुल 86 सीटें हैं। इसमें दाखिला गेट स्कोर और सीयूईटी पीजी स्कोर के आधार पर होगा। जबकि दो वर्षीय एमसीए प्रोग्रा के लिए 76 सीटें हैं। इसमें दाखिला विवि की प्रवेश परीक्षा सीईटी व सीयूईटी स्कोर के आधार पर होगा। दो वर्षीय एम प्लॉन की 13 सीटों के लिए दाखिला गेट स्कोर और सीयूईटी स्कोर से होगा। दाखिले के लिए आवेदन विवि की वेबसाइट www.igdtuw.ac.in के माध्यम से किया जा सकता है।
वहीं विवि में बीटेक व बी-आर्क में दाखिले ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग (जैक) के द्वारा किए जाते हैं। यह दाखिले दिल्ली के पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों में संयुक्त रूप से शुरू होते हैं। विभिन्न बीटेक प्रोग्राम के लिए यहां 1009 सीटें हैं। इनमें सबसे अधिक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 227-227 हैं। बी-आर्क के लिए कुल 50 सीटें हैं। बीटेक व बी-आर्क में दाखिले जेईई मेन के स्कोर के आधार पर होंगे। जैक की और से जेईई मेन की स्कोर के आधार पर कॉमन रैंक तैयार की जाएगी। जेईई मेन के नतीजे जारी हो चुके हैं ऐसे में जैक की ओर से जल्द ही विस्तृत सूचना जारी कर 15 मई के बाद से दाखिला प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा।