ग्रेटर नोएडा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में औद्योगिक आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर चर्चा हुई। एनडीआरएफ के अधिकारी ने औद्योगिक आपात स्थितियों से निपटने की कार्ययोजना प्रस्तुत की। साथ ही मॉक ड्रिल के महत्व और विभिन्न विभागों की भूमिका की जानकारी दी।
एडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का नियमित परीक्षण करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ एंबुलेंस, दवाओं और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी और जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।