- मुख्यमंत्री के आने से पहले शासन के अधिकारियों ने जांची व्यवस्थाएं , अधिकारियों और जेवर विधायक के साथ बैठक कर की तैयारियों की समीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री रविवार को नोएडा आ रहे हैं। उनके आने से पहले उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह शनिवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट और जनसभा स्थल का निरीक्षण करके यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने वाईआईएपीएल एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनसभा में पार्किंग व्यवस्था का व्यवस्थित मैप तैयार करने के साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक मेें जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, डीएम गौतमबुद्धनगर मेघा रूपम, सीईओ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया, डीसीपी पूनम मिश्रा, एडीएम वित्त अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, एसडीएम जेवर अभय दुर्गेश सिंह, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर मौजूद रहे।
एयरपोर्ट के आसपास सफाई और सड़कें होंगी दुरुस्त
अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, आवागमन पर विशेष ध्यान देते हुए एयरपोर्ट के आसपास के गांवों में चाक चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उद्घाटन समारोह से पहले एयरपोर्ट के तीन किलोमीटर के दायरे में सड़क पर साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा। वहीं पीडब्ल्यूडी आसपास की टूटी सड़कों की मरम्मत का काम कराएगी।