कार्यदायरी संस्थाओं को दी चेतावनी, चार दिन में सफाई नहीं तो होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में गंदगी और कूड़ा नहीं उठाए जाने की शिकायतों के बाद खुद एसीईओ संजय खत्री मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे। इस बीच उन्हें अलग-अलग जगहों पर कूड़ा पड़ा हुआ मिला। सड़कों की सफाई भी नहीं की गई थी। नालों की हालत भी बदतर मिली। अब कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी गई है कि चार दिन में सफाई व्यवस्था सुधारें नहीं तो कार्रवाई शुरू की जाएगी।
एसीईओ मंगलवार को उद्योग मार्ग, झुंडपुरा, सेक्टर-11, 12, 55, 56, खोड़ा मार्ग, 62, 63, 70, 71, एमपी-3 मार्ग पर साफ-सफाई के काम देखने पहुंचे। इस दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के डीजीएम एसपी सिंह, परियोजना अभियंता गौरव बंसल, सहायक परियोजना अभियंता अरूण कुमार, उमेश चन्द्र भी मौजूद रहे। कई जगह एसीईओ को वेंडिंग जोन में डस्टबिन तक नहीं मिले। सभी जोन में एक सप्ताह में डस्टबिन रखने का आदेश दिया गया है। कई जगह मलबा सड़कों पर पड़ा हुआ था। इसे उठवाने के लिए रैम्की कंपनी को आदेश किया है। नेहरू युवा केन्द्र, सेक्टर-11 के पास सिंचाई नाले व सेक्टर-62 के नालों की सफाई भी ठीक नहीं थी। इसे ठीक कराने और भविष्य में लापरवाही मिलने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।
वहीं, सेक्टर-62 के मुख्य मार्ग पर जेपी इंस्टीट्यूट एवं हनुमान मन्दिर रोड पर गंदगी व कूड़े के ढेर पाए गए। भूखंड ए-13, सेक्टर-62 के पास भी कूड़ा पड़ा हुआ पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास, जयपुरिया मार्ग पर भी गंदगी मिली। सेंट्रल बर्ज के ऊपर काफी गंदगी फैली हुई थी। इसे ठीक कराने के लिए एजेंसी के अलावा उद्यान विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग को कहा है। सेक्टर-63 में भी सफाई ठीक नहीं मिली। यहां की एजेंसी को भी चेतावनी दी गई है।