आगजनी में आरोपी की जमानत याचिका खारिज
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-84 स्थित मदरसन कंपनी के बाहर 13 अप्रैल 2026 को हुए श्रमिक उपद्रव, आगजनी और पुलिस पर हमले के मामले में अदालत ने आरोपी अमन सोनी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। अभियोजन के अनुसार 13 अप्रैल को मदरसन कंपनी सहित आसपास की औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक वेतन वृद्धि, ओवरटाइम और बोनस की मांग को लेकर बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे।
आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने हिंसक रूप ले लिया और पुलिस पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों तथा अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। उपद्रवियों ने कई सरकारी और निजी वाहनों में आग लगा दी। पुलिस की पीसीआर, निजी कारों तथा फैक्ट्रियों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। जमानत अर्जी में बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि अमन सोनी निर्दोष है और उसे झूठा फंसाया गया है। उसका नाम एफआईआर में नहीं था, वह मजदूर है और घटना के समय किसी हिंसक प्रदर्शन में शामिल नहीं था। वहीं अभियोजन के अनुसार आरोपी सरकारी वाहन में आग लगाने से पहले अपनी जेब से लाइटर निकालते हुए दिखाई देता है। मौके पर मौजूद गवाहों के आधार पर भी उसकी पहचान की गई है। अदालत ने आदेश में कहा कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयानों से आरोपी की प्रथम दृष्टया सक्रिय भूमिका सामने आती है। ब्यूरो