नोएडा। सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में केबल, इंटरनेट और इंटरकॉम सर्विस देने वाली कंपनी के डायरेक्टर ने एओए पदाधिकारियों समेत अन्य पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पांच करोड़ का सामान हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-56 निवासी कर्मवीर सिंह ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वह मेसर्स चौधरी डिजी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर हैं। उनका आरोप है कि सोसाइटी के एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज समेत अन्य लोगों ने उनसे काम के एवज में हर महीने एक लाख रुपये देने की बात कही, लेकिन जब उन्होंने रंगदारी देने से मना किया तब जान से मारने की धमकी दी गई।
कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज, बंटी यादव समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज का कहना है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। हमलोग अपना पक्ष कोर्ट में रखेंगे। ब्यूरो