फर्जी दस्तावेज से प्लॉट बेचने का आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेज से वसीयतनामा तैयार कर प्रॉपर्टी बेचने वाले आरोपी को दुर्गा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-8, फरीदाबाद के राजेश कुमार सिंह (45) के रूप में हुई है।
पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट जीटा-1 निवासी दीपक चौहान ने केस दर्ज कराया था कि आवासीय प्लॉट के संबंध में उनकी मुलाकात राजेश कुमार सिंह, उसकी पत्नी सुरुचि सिंह और उनके पिता विचित्र सिंह से हुई थी। सूरजपुर साइड-सी एक्सटेंशन स्थित यूपीएसआईडीसी की 450 वर्गमीटर की एक संपत्ति का 90 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पीड़ित ने 74 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए थे, लेकिन यूपीएसआईडीसी से संपर्क करने पर पता चला कि संपत्ति पर 56 लाख से अधिक का ड्यूज बकाया है। विरोध करने पर आरोपियों ने कहा कि वह ड्यूज सेटल कर जल्द रजिस्ट्री कर देंगे। इसके बाद 26 जुलाई 2024 को संपत्ति की डीड विचित्र सिंह के नाम पर हो गई। मगर रजिस्ट्री दीपक के पक्ष में नहीं की गई। पता चला कि आरोपियों ने प्लॉट को पहले ही एक अन्य व्यक्ति रोशन लाल को फरवरी 2022 में बेचने के लिए एग्रीमेंट कर रखा था और उससे भी पैसे ले चुके थे। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आरोपी राजेश कुमार सिंह उपरोक्त मुकदमे में वांछित चल रहा था, जबकि इसके साथी सुभाष को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ब्यूरो