सोहना। गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड हाईवे पर धुनेला गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। हादसा 25 जुलाई की रात हुआ। भोंडसी थाना पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
मृतक की पहचान राजस्थान के डींग क्षेत्र के गारौली गांव निवासी पंकज (21) के रूप में हुई है। वह डिलीवरी बॉय का काम करता था। पुलिस के अनुसार, पंकज रात के समय बाइक से सोहना की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोंडसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद