- 31 अगस्त से कोलकाता में होगी प्रतियोगिता, बेहतर प्रदर्शन के लिए दो सत्र में कर रहीं अभ्यास
मो सफीक खान
नोएडा। शहर की युवा टेनिस खिलाड़ी आरोही शर्मा 31 अगस्त से कोलकाता में होने वाली एशियाई टेनिस महासंघ (एटीएफ) की प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए आरोही ने अभ्यास बढ़ा दिया है। वह अब रोजाना दो सत्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और पहले की तुलना में करीब एक घंटा अतिरिक्त समय कोर्ट पर दे रही हैं। अभ्यास के दौरान तकनीक, फिटनेस और मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेल में सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
आरोही कम उम्र में ही टेनिस में अपनी पहचान बना रही हैं। उनका अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) में पंजीकरण है। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, 2026 में अंडर-12 वर्ग में उनकी सर्वश्रेष्ठ अखिल भारतीय रैंक 44 रही है। वहीं अंडर-14 वर्ग में उन्होंने 199वीं रैंक हासिल की। जून में वह अंडर-12 में 50वीं और अंडर-14 में 208वीं रैंक पर थीं।
इस साल जीते एकल और युगल खिताब
आरोही का इस साल प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। जनवरी में द्वारका में आयोजित एआईटीए अंडर-12 प्रतियोगिता में उन्होंने एकल और युगल दोनों वर्गों के खिताब जीते थे। एकल फाइनल में पहला सेट 4-6 से गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और अगले दोनों सेट 6-3, 6-1 से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
जापान में भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा
आरोही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अनुभव हासिल कर चुकी हैं। जापान में आयोजित एटीएफ प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका एकल वर्ग में उन्होंने हिस्सा लिया था। स्कूल की ओर से जारी जानकारी में उनके इस प्रदर्शन का उल्लेख किया गया है। वे टू स्लैम टेनिस अकादमी के कोच गौतम धन्ना के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
कोच गौतम धन्ना ने बताया कि आरोही की तैयारी अच्छी चल रही है। कोलकाता प्रतियोगिता में उनका लक्ष्य पिछले प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए खिताब जीतना है।