वीके सक्सेना का मुखौटा पहनकर मानव शृंखला बनाई
प्रतीकात्मक रूप से आरी से पेड़ के स्ट्रक्चर को काटा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रिज क्षेत्र में 1100 पेड़ काटने के खिलाफ शनिवार को आम आदमी पार्टी ने मानव शृंखला बनाकर भाजपा और उपराज्यपाल वीके सक्सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी मुख्यालय पर आप कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखे पोस्टर-बैनर लेकर जुटे थे। उपराज्यपाल का मुखौटा पहने कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक रूप से आरी से पेड़ के स्ट्रक्चर को काटकर विरोध जताया।
इस मौके पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि 3 फरवरी को मुख्य सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपराज्यपाल रिज का दौरा करने गए थे। इस दौरान 1100 पेड़ काटने के मौखिक आदेश दिए गए थे। उन्होंने कोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट ने बार-बार पूछा कि किसके आदेश पर इतने पेड़ काटे गए, लेकिन अधिकारी नहीं बता पाए। डीडीए के अधिकारी सच्चाई छिपाने में लगे हुए थे। पेड़ों को काटने के आदेश उपराज्यपाल ने ही दिए थे। डीडीए के अधिकारियों की दो ईमेल से यह बात साफ पता चलती है। इस मामले में एक और साजिश है कि सड़क को चौड़ा करने के लिए जानबूझकर रिज क्षेत्रों के पेड़ों को काटा गया, जबकि इसके लिए सड़क की दूसरी तरफ फार्म हाउस की जमीन भी ली जा सकती थी। वहीं, आप विधायक राजेश गुप्ता ने कहा कि पेड़ बेजुबान होते हैं। वे सांस लेते हैं और सभी जीव-जंतुओं को भी ऑक्सीजन देते हैं। आप सरकार 9 सालों से दिल्ली में पौधे लगा रही है। दूसरी तरफ उपराज्यपाल ने दिल्ली के सेंसिटिव जोन से 1100 पेड़ कटवा दिए। इस दौरान विधायक राजेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता रीना गुप्ता और आदिल समेत अन्य आप कार्यकर्ता मौजूद रहे।