चार टीमें चार लोकसभा क्षेत्रों में 23 मई तक चलाएंगी कैंपेन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ वॉशिंग मशीन कैंपेन शुरू किया है। मंगलवार को मंत्री गोपाल राय व सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय से इसकी शुरुआत की। भारद्वाज ने डेमो दिखाकर बताया कि कैसे भ्रष्टाचार के आरोपियों को वॉशिंग मशीन में डालकर क्लीन किया जाता है। मंच पर एक तरफ बड़ी वॉशिंग मशीन रखी गई थी और दूसरी तरफ जेल बनाई गई थी।
गोपाल राय ने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि यह चुनाव हम भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए लड़ रहे हैं, जबकि जो लोग भाजपा में शामिल हो गए उनके खिलाफ मामला बंद कर दूसरे को जेल में डाल दिया जाता है। पार्टी चार लोकसभा क्षेत्रों के लिए चार टीमें और तैयार कर रहे हैं। टीमें 23 मई तक नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली में जाकर वॉशिंग मशीन कैंपेन करेंगी।
ईडी-सीबीआई चला रही देश
भारद्वाज ने कहा कि देश को ईडी और सीबीआई दो एजेंसियों ही चला रही हैं। जब केंद्र सरकार का मन करता है, तो किसी भी नेता के खिलाफ ईडी-सीबीआई लगा देती है। विपक्ष के कई नेताओं को जेल में डाल दिया है। दिल्ली में विश्वस्तरीय शिक्षा के लिए मनीष सिसोदिया और मुफ्त विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए सत्येंद्र जैन को सजा मिली है। भाजपा ने इन्हें ऑफर दिया था, लेकिन इन्होंने पार्टी शामिल होने से मना कर दिया। इसके अलावा सांसद संजय सिंह ने भी भाजपा के ऑफर को नहीं माना तो उन्हें भी जेल में भेज दिया गया।