बहुत जल्द मुख्यमंत्री के साथ बजरंगबली के दर्शन करने आऊंगी : सुनीता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल समेत सभी नेताओं ने मंगलवार को कहा कि बजरंगबली की कृपा से इंसुलिन मिली है। सुनीता केजरीवाल ने कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन मंदिर में पूजा कर मुख्यमंत्री के बेहतर स्वास्थ्य और दिल्ली वासियों के बेहतर भविष्य की कामना की। मंत्री सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में चिराग दिल्ली में शोभा यात्रा निकाली गई गई, जबकि सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार, महाबल मिश्रा और सहीराम पहलवान समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी विभिन्न मंदिरों में जाकर बजरंगबली के दर्शन किए और कई जगहों पर भंडारे का भी आयोजन किया।
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आज वे मुख्यमंत्री के साथ अक्सर यहां दर्शन करने आती थीं। जल्द ही उनके साथ यहां आऊंगी। हनुमान की कृपा से ही जेल में उन्हें इंसुलिन मिली है। वहीं, सांसद संजय सिंह ने कहा कि 23 दिनों चल रहे दिल्लीवालों के संघर्ष पर बजरंगबली की कृपा हुई और केजरीवाल के जीवन की रक्षा के लिए हम जिस इंसुलिन की मांग कर रहे थे, वह उन्हें दी गई है। भारद्वाज ने कहा कि बजरंग बली ने अपने साधारण से भक्त केजरीवाल के लिए इंसुलिन दी है। कोर्ट ने इसके लिए आदेश दिया है। जेल प्रशासन, केंद्र सरकार और जेल के डीजी मना कर रहे थे, लेकिन उन्हें इंसुलिन मिल गया। हनुमान सभी के संकट हरते हैं।