दनकौर (संवाद)। रेलवे स्टेशन के पास स्थित कॉलोनी में रहने वाला युवक अपने दोस्त का विवाद सुलझाने के दौरान बृहस्पतिवार को मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एशियन पेंट कॉलोनी निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उसका बेटा केशव (27) क्रेन चलाता था। बृहस्पतिवार रात बेटे के एक दोस्त का पड़ोसी युवक से झगड़ा हो गया था। जानकारी होने पर केशव मौके पर पहुंचकर विवाद सुलझाने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने केशव और उसके दोस्त पर डंडों से हमला कर दिया जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे। केशव को आनन-फानन में ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को केशव ने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी पक्ष के मनीष, मनोज, सोनू, सचिन उर्फ नटराज, दीपक उर्फ मोगली और मोहित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात किया गया है।