कस्बा की नई बस्ती में बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वृद्धा से दिनदहाड़े एक युवक कुंडल छीनकर भाग गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पीड़ित महिला शांति देवी पत्नी राजवीर सिंह उर्फ टीटी निवासी नई बस्ती मुरसान ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह अपने घर में कपड़े सुखा रहीं थीं। इस दौरान कुर्ता-पायजामा पहने एक बाइक सवार युवक उनके घर में घुस आया और चारपाई पर बैठकर उनसे बातचीत करने लगा।
युवक ने बातों में उलझाकर अचानक उनके दोनों कानों से कुंडल खींच लिए और अपनी बाइक लेकर भाग गया। शांति देवी का कहना है कि उन्होंने युवक का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी ममता सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही युवक को पकड़ लिया जाएगा।