कुत्तों से बचाने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-दो स्थित 14 एवेन्यू सोसाइटी के लोग हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। लावारिस कुत्तों के आतंक से परेशान निवासियों ने रविवार देर रात विरोध जताया। लोगों ने कहा कि सोसाइटी और आसपास लावारिस कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। बीते दो साल में सोसाइटी में 200 से अधिक कुत्तों के काटने की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
निवासी दीपक ने बताया कि लावारिस कुत्तों की समस्या का जल्द समाधान होना जरूरी है। बच्चों को अकेले बाहर भेजना सुरक्षित नहीं है। कई लोगों को अपने टावर तक पहुंचने में भी डर लगता है कि कहीं रास्ते में कुत्ते हमला न कर दें। लोगों का कहना है कि पार्क, बेसमेंट और मुख्य प्रवेश द्वार जैसे स्थानों पर कुत्तों की मौजूदगी से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्राधिकरण से नियमों के अनुसार डॉग फीडिंग सुनिश्चित कराने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
कुत्ते के हमले की घटना बताते हुए रो पड़ी महिला
सोसाइटी की निवासी एक महिला ने बताया कि वह के टावर में रहती हैं। कल वह क्यू टावर से आ रही थीं। रास्ते में उनसे आगे उनका बेटा जा रहा था। अचानक से उसके चिल्लाने की आवाज आई। एक बार चिल्लाया तो समझ नहीं पाईं। इसके बाद जब वह दोबारा चिल्लाया तो वह भागकर उसके पास पहुंचीं। चप्पल से मारकर कुत्ते को भगाया। वह यह वाकया बताते हुए रो पड़ीं।
निवासी आनंद ने बताया कि निवासी अब हर फ्लैट मालिक के पास जाकर कुत्तों को पकड़ने के लिए आवाज बुलंद करेंगे। निवासियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन को जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, विधायक, सांसद और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। लोगों ने प्रशासन से सोसाइटी में सुरक्षा सुनिश्चित करने और लावारिस कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।