सिकंदराबाद रोड पर गढ़ी जाने वाले मार्ग पर रेव सिंह के 10 बीघा खेत हैं। इसमें आधे में प्लाटिंग हो चुकी है, जबकि आधे में मजदूर परिवार के लोग झोपड़ी बनाकर रहते हैं। सुबह लगभग 10 बजे आग लगी, उस समय अधिकांश परिवार अपने घर पर ही थे। बताया जा रहा है कि चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान एक झोपड़ी में आग लगी थी, जो देखते ही देखते बढ़ गई।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया, गनीमत रही कि तब तक लोग झोपड़ियों से निकलकर बाहर आ गए और पानी व मिट्टी फेंकना शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रेटर नोएडा से फायर की पांच गाड़ियां रवाना की गईं, जो तत्काल मौके पर पहुंचीं। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। राहत इस बात की रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं अब अधिकारियों की टीम मामले की जांच कर रही है।