नवंबर में चार दिन बूथ पर बैठेंगे बीएलओ, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटियां होंगी ठीक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के तहत चार दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटियों को ठीक करने का काम होगा। विशेष अभियान के तहत बीएलओ बूथों पर बैठकर मतदाताओं से संबंधित कार्य करेंगे।
डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर बीएलओ मतदाताओं के दावे और आपत्तियों से संबंधित फॉर्म लेंगे। इनमें फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि निवासी अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम जांच लें। आवश्यकतानुसार नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या अन्य संबंधित कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।