माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र की कश्यप कॉलोनी में नौवीं कक्षा के छात्र मयंक (15) ने मंगलवार शाम को अपने घर के ऊपर कमरे में स्कूल की टाई से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को उसके पिता कमरे में पहुंचे तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मयंक को स्कूल में कुछ छात्रों की ओर से जातीय रूप से प्रताड़ित किया गया है। मृतक के चाचा नवीन ने बताया कि जातिगत टिप्पणी पर एक सप्ताह पहले मयंक का कक्षा के ही एक छात्र से झगड़ा हुआ था। इसके बाद प्रिंसिपल ने उसे डांट दिया था। तब से वह गुमसुम था। उधर, पुलिस का कहना है कि परिजनों ने लिखित में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। फिर भी एक बार स्कूल में जांच की जाएगी। छात्र की आत्महत्या के पीछे के कारणों काे स्पष्ट किया जाएगा।
कश्यप कॉलोनी के नवीन ने बताया कि उनके बड़े भाई राजेश के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा मयंक जाटल रोड मुखीजा कॉलोनी में पार्वती देवी विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल की नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। वह मंगलवार दोपहर के समय स्कूल से आने के बाद पड़ोस में ट्यूशन पढ़ने के लिए गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौटा। उस समय मयंक की मां प्रवेश घर में सिलाई कर रही थी। उसने मां से कहा कि वह स्कूल का काम करने के लिए ऊपर कमरे में जा रहा है। इसके बाद सीधा कमरे में चला गया। वह शाम तक ऊपर ही रहा।
मयंक के पिता राजेश शाम करीब साढ़े छह बजे ऑटो लेकर वापस आए। वे कपड़े बदलने के लिए ऊपर कमरे में गए। यहां मयंक स्कूल की टाई से फंदे पर लटका पाया। पुराना औद्योगिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुधवार को परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम करा शव सौंप दिया।
शिकायत में प्रताड़ना का नहीं जिक्र
मयंक के चाचा नवीन ने कहा कि करीब एक सप्ताह पहले मयंक का जातिगत टिप्पणी के बाद कक्षा के ही एक छात्र से झगड़ा हुआ था। यह बात प्रिंसिपल सविता शर्मा तक पहुंची थी। प्रिंसिपल ने मयंक को डांट दिया था। उनके बड़े भाई राजेश ने भी स्कूल में जाकर प्रिंसिपल से इस संबंध में बात की थी। उस समय भी दोनों बच्चों को डांटकर समझाने को कहा था। पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी देवेंद्र का कहना है कि मयंक के पिता राजेश ने लिखित में दी शिकायत में झगड़े और स्कूल में प्रताड़ना का जिक्र नहीं किया है। उन्होंने अपने बयान में मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या करने की बात कही है। फिर जांच की जा रही। जिसमें आत्महत्या के कारणों का पता चल जाएगा।
आरोप निराधार, स्कूल में नहीं हुआ कोई झगड़ा : प्रिंसिपल
पार्वती देवी विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल की प्रिंसिपल सविता शर्मा ने बताया कि मयंक नर्सरी से उनके स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। वह पढ़ाई में अव्वल था और प्रत्येक सत्र में पुरस्कार मिलते थे। उसे प्रताड़ित करने के आरोप निराधार हैं। स्कूल में उसका कोई झगड़ा नहीं हुआ। पूरे स्कूल और सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसकी फुटेज देख सकते हैं।
बच्चे के परिजनों ने बयान में मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने की बात कही है। किसी पर प्रताड़ित करने के आरोप नहीं लगाए हैं। यदि कोई आरोप सामने आए तो उसकी जांच की जाएगी।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय