चलती बस में लगी आग, 50 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर (संवाद)। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार रात चलती बस में आग लग गई। बताया जाता है कि पटाखे की वजह से बस की छत पर रखे सामान में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे पर ही रोक दिया। पुलिस के मुताबिक इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट बस पंजाब के लुधियाना से आगरा के लिए जा रही थी। जिसमें करीब 50 सवारियां बैठी थीं। बताया जाता है कि जब बस ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा की तरफ जा रही थी, उसी दौरान बस की छत पर रखे सामान में भीषण आग लग गई। ड्राइवर ने जब देखा तो उसने बस रोक दिया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। सभी सवारियां निकलकर बाहर आ गईं। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आतिशबाजी चलने की वजह से हादसा हुआ है। कोई पटाखा चलती बस की छत पर गिर गया। शिकायत मिलने पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।