रबूपुरा (संवाद)। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-22ई में एक विश्वविद्यालय पर किसान संगठन ने भूगर्भ जल दोहन का आरोप लगाया था। इस मामले में जांच के बाद भूगर्भ जल अभियंता ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी थी। मामले में किसान संगठन ने दोबारा जांच कराने की मांग की थी। मांग न माने जाने पर किसान संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शिकायत की है।
भाकियू लोक शक्ति किसान संगठन लंबे समय से भूगर्भ जल दोहन रोकने समेत किसानों की अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में भाकियू लोक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यौराज सिंह ने आरोप लगाया कि गांवों में हैडपंप पर पानी आना बंद हो रहा है। पीने के पानी की किल्लत उठानी पड़ रही है। उन्होंने जल दोहन को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग है। वहीं, उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे के किसानों को आवासीय प्लाट और आबादियों का निस्तारण कराने की मांग की। साथ ही किसानों को 10% आवासीय प्लाट और किसानों को 64.7% अतिरिक्त मुआवजा दिलाने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।