नोएडा की सेक्टर 63 स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में बृहस्पतिवार तड़के भयंकर आग लग गई। आग लगने के बाद सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने 10 गाड़ियों की मदद से आग को बुझा दिया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सेक्टर 63 के डी ब्लॉक स्थित एसडीएस क्लॉथिंग प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। आग कंपनी के प्रथम तल पर लगी थी और आग लगने के दौरान कंपनी में कोई मौजूद नहीं था। इस सूचना पर फायर सर्विस यूनिट की 10 गाड़ियों को मौके पर भेज कर करीब तीन 3 घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।