- मुस्लिम कारीगर तैयार कर रहे रामलीला का मंच, तीन मंजिला सज रहा मंच
-यूपी पुलिस के जवान भी करेंगे रामलीला में मंचन. 600 बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे
संवाद न्यूज एजेंसी।
ग्रेटर नोएडा। दुर्गा पूजा के दौरान रामलीला मंच में अयोध्या स्थित राममंदिर की झलक दिखाई देगी। श्रीराम लीला कमेटी ग्रेनो की तरफ से राममंदिर की थीम पर मंच बनवाया जा रहा है। तीन मंजिला बनाए जा रहे मंच की चौड़ाई 250 फीट और ऊंचाई 35 से 40 फीट रहेगी। इसमें सबसे खास बात यह है कि इस मंच को अलीगढ़, बुलंदशहर और खुर्जा के मुस्लिम कारीगर तैयार कर रहे हैं।
कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह और मीडिया प्रभारी हरेंद्र भाटी ने बताया, रामलीला मंचन करने के लिए 70 से 75 कलाकार देश के कई प्रदेशों से आएंगे। इनमें से कुछ कलाकार ऐसे भी हैं जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। मंच तीन कोट में तैयार किया जा रहा है, इसमें रावण, सीता और अयोध्या कोट बनाया जाएगा।
जिले के 600 बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे
कमेटी के अध्यक्ष ने बताया, कि दो अक्तूबर को जिले के लगभग 30 से 35 स्कूलों के 600 बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इन सभी बच्चों को ग्रुप में बांट दिया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और द्वितीय आने वाले प्रतिभागियों को 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
हिंडन की रफ्तार कार्यक्रम से परंपराओं से कराएंगे परिचित
कमेटी इस बार तीन अक्तूबर को हिंडन की रफ्तार नाम से एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है, इसमें दनकौर, सूरजपुर और बुलंदशहर समेत आसपास क्षेत्र की पुरानी परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। चार से 12 अक्टूबर को रामलीला मंचन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ रामलीला का समापन होगा।
चित्रकूट के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन
रबूपुरा। रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला मैदान में मंचन की तैयारियां जोरो पर हैं। कमेटी के प्रधान विजय तायल और कोषाध्यक्ष सुधीर गोयल ने बताया, इस बार बार चित्रकूट के कलाकार तीन से 13 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन करेंगे। पब्लिक इंटर कॉलेज के मैदान में मंच बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। भूमि पूजन 25 सितंबर को पूरे विधि विधान से किया जाएगा। रामलीला कमेटी के प्रबंधक रोहित सिंघल ने बताया, गणेश पूजन व भव्य शोभा यात्रा के साथ महोत्सव शुरू होगा।