संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार से 16 दिवसीय विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत एवं डिजिटल भारत की संकल्पना विषयक प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। दो अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि चित्रों के माध्यम से केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन आम जनमानस के लिए किया गया है। इसमें डबल इंजन सरकार के अंतर्गत अनुदान का भुगतान डीवीटी से आसान होने, भ्रष्टाचार पर प्रहार पारदर्शिता के मिसाल बनने, आपका सुझाव लाएगा बदलाव, उत्पादन में वृद्धि कृषकों एवं बागवानों की समृद्धि आदि को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थी, युवा, किसान, महिलाएं सभी आकर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही विकसित उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेंट के लिए अपने सुझाव भी दे सकते हैं। इस मौके पर महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, संस्कृत विश्वविद्यालय के चीफ प्राक्टर आदि मौजूद रहे।