ग्रेनो वेस्ट स्थित ट्राइडेंट एम्बेसी सोसाइटी में रहने वाले दो पक्षों में बुधवार रात विवाद हो गया। सोसाइटी मार्केट में विवाद के दौरान मार्केट में जमकर लात घूसे चले। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बिसरख कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले जांच शुरू की है।
सोसाइटी निवासी विपिन वत्स ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी सोसाइटी में रहने वाला धर्मेंद्र भाटी एओए चुनाव को लेकर उनसे रंजिश रखता है। इसी रंजिश के चलते बुधवार रात करीब 8:30 बजे धर्मेंद्र भाटी अपने तुषार भाटी, चिराग भाटी के अलावा अनिल शर्मा और अन्य साथियों के साथ मार्केट पहुंचा और विपिन व उनके साथी वरुण, रजत सिसोदिया व नितिन चावला पर लात-घूंसों और कुर्सियों से हमला कर दिया। हमलावरों ने मारपीट के दौरान गाली-गलौज की और जाते-जाते धमकी दी कि यदि सोसाइटी में धर्मेंद्र भाटी का विरोध किया गया तो जान से मार देंगे। इस हमले में पीड़ित पक्ष को गंभीर चोटें आई हैं। घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वहीं दूसरे पक्ष धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि बुधवार रात सोसाइटी के क्रिकेट ग्रुप में रजत शिसोदिया, नितिन चावला और विपिन वत्स समेत अन्य लोगों ने उसे गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने रजत शिसोदिया को फोन किया, तो फोन पर भी धमकियां और गालियां दी गईं। धर्मेन्द्र अपने मित्र अनिल वर्मा के साथ सोसाइटी की मार्केट पहुंचे। जहां पहले से ही रजत शिसोदिया, नितिन चावला, विपिन वत्स और वरुण शराब के नशे में मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने मिलकर धर्मेन्द्र से गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिससे पीड़ित की जान बची।
पीड़ित के अनुसार हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष एक ही सोसाइटी के निवासी है। दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।