सीमात क्षेत्र त्यूणी के सैंज गांव में एक कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही चार वर्ष की बच्ची का हाथ नोंच खाया। परिजन बच्ची को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक ने घाव की सफाई करने के साथ बच्ची को एंटी रैबीज वैक्सीन की पहली डोज भी लगाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कुत्ते ने कठंग गांव में दो गायों को भी काटा था। इससे पहले भी उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र मोरी में भी कुत्ते के काटने के बाद एक गाय की मौत हो गई थी। गाय के दूध का सेवन करने वाले 22 लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में उपचार करवाया था।
विज्ञापन
बुधवार को सैंज गांव में एक नेपाली मूल की चार वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान एक कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के हाथ जगह-जगह से नोंच दिया। लोगों ने कुत्ते को भगाया। बच्ची के पिता देवबहादुर उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी लेकर आए।
अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बच्ची के घावों को साफ किया गया है। उसे एआरवी की पहली डोज दी गई है। कुत्ते के पागल होने की बात सामने नहीं आई है। अगर कुत्ता पागल होता तो कई लोगों पर हमला करता। उन्होंने कहा कई बार छेड़खानी करने पर भी कुत्ते काटते हैं, वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते ने दो गायों को भी काटा है।