ग्रेटर नोएडा थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने पर अर्टिगा कार सवार बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जबकि उनके एक साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से अर्टिगा टैक्सी, तीन अवैध तमंचे, कारतूस, मोबाइल, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और लूट की 6500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम कच्ची सड़क के पास नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार युवक नहीं रुके और तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आगे रास्ता बंद होने के कारण बदमाशों को गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान जियाउल्लाह उर्फ हैदर (27) निवासी मोतिहारी बिहार हाल निवासी फेस-2 गौतमबुद्धनगर और अमन गुप्ता (24) निवासी एटा हाल निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के बाद इलाके में कांबिंग अभियान चलाया गया, जिसमें तीसरे आरोपी नसीम अली उर्फ रियाज (23) निवासी एटा हाल निवासी हल्दोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अर्टिगा कार को टैक्सी की तरह इस्तेमाल कर सवारियों को बैठाते थे और सुनसान जगह पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट करते थे। गिरोह मोबाइल, नकदी और एटीएम कार्ड लूटकर फरार हो जाता था। आरोपी पहले भी कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।