देवरिया/गोरखपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरैया के कुड़िहवा टोला में रविवार देर रात शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। द्वारपूजा के दौरान बरात का रथ अचानक 11 केवी एचटी लाइन से सट गया, जिससे रथ में करंट फैल गया। रथ पर रोड लाइट लगाने वाला देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के समदा निवासी मजदूर सचिन (22) की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार बराती गंभीर रूप से झुलस गए। दूल्हे ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा क्षेत्र के भाऊपुर गांव निवासी राममिलन निषाद के बेटे की बरात हरैया गांव में कमलेश निषाद के घर आई थी। रात करीब साढ़े दस बजे बरात रथ से द्वारपूजा के लिए आगे बढ़ रही थी। जैसे ही रथ घर के सामने पहुंची, सड़क के ऊपर झुकी हुई एलटी और 11 केवी एचटी लाइन रथ के ऊपरी हिस्से से सट गई। देखते ही देखते हाईवोल्टेज करंट पूरे रथ में फैल गया। रथ के ऊपर बैठे सचिन की मौके पर मौत हो गई। वह मजदूर था और रोड लाइट लगाने व उतारने का काम करता था। करंट का झटका लगते ही रथ पर बैठे बाकी बरातियों में भगदड़ मच गई। चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें चीखते-चिल्लाते घायल अवस्था में ग्रामीणों और बरातियों ने तुरंत अस्पताल भेजा।
वधू पक्ष के कमलेश निषाद ने रोते हुए बताया कि बरात के स्वागत के लिए सब खड़े थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि बिजली का तार इतना नीचे होगा। जो घटना हुई उससे पूरा परिवार टूट गया। वर पक्ष की तरफ से सचिन की मौत से व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरी करने वाला सचिन सिर्फ काम में मदद के लिए आया था और अचानक हुए हादसे में उसने अपनी जान गंवा दी।