- सात राउंड में होंगे मुकाबले, शीर्ष चार खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित सर्वोत्तम स्कूल में गौतम बुद्ध नगर डिस्ट्रिक्ट चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में ओपन डिस्ट्रिक्ट चेस चैंपियनशिप में विभिन्न क्षेत्रों से करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन शनिवार को खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सर्वोत्तम स्कूल के स्पोर्ट्स निदेशक महेश शर्मा, प्रधानाचार्य तापसी जैन और जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव अतुल निगम ने किया। सचिव अतुल निगम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले दिन हुए चार राउंड के मुकाबले
एसोसिएशन के सचिव के अनुसार, चैंपियनशिप के पहले दिन कुल चार राउंड खेले गए। मुकाबलों के लिए 30 मिनट के समय नियंत्रण के साथ प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय निर्धारित किया गया। सात राउंड के सभी मुकाबलों के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
शीर्ष चार खिलाड़ियों को मिलेगा राज्य स्तर पर खेलने का मौका
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम चार स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में गौतम बुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।