ग्रेटर नोएडा (संवाद)। छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को शहर में खरना का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बीटा-2, अजनारा होम्स, गौड़ सिटी, दादरी, सुपरटेक इकोविलेज-2 और सेक्टर-36 समेत विभिन्न इलाकों में व्रतियों ने पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर व्रती महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखा। शाम को स्नान के बाद छठी मैया की पूजा की। घरों में पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया गया।
मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ और चावल की खीर बनाई गई। गेहूं के आटे से रोटी तैयार की गई। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों में प्रसाद वितरित किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। यह व्रत रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा।