प्रदेश सरकार ने राज्य को 16वें पायदान पर धकेला : दीपेंद्र हुड्डा
हथीन।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि केंद्र व प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। यही नहीं, सीएम के नेतृत्व में राज्य आर्थिक दृष्टि से पहले पायदान से15-16वें पर आ गया है। वह मंगलवार को गांव आलीमेव में प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि ईसराइल चौधरी द्वारा आयोजित की गई एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
दीपेेंद्र ने कहा कि दस वर्ष के कांग्रेस शासन काल में हरियाणा आर्थिक रूप से नंबर वन राज्य घोषित हुआ था, लेकिन आज मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार में 15-16वें नंबर पर पहुंच गया है। राज्य सरकार कर्जा लेकर काम चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कि हरियाणा सरकार ने पचास हजार लोगों का रोजगार छीन लिया।
हुड्डा ने कहा कि रिकॉर्ड के मुताबिक दुष्कर्म व महिलाओं पर अत्याचार के मामले में आज हरियाणा नंबर एक पर है। कहा कि अनुसूचित जाति, सवर्ण, पिछडे़ एवं अल्पसंख्यक सभी वर्ग इस सरकार से दुखी हैं। विकास अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। कांग्रेस तीन-चौथाई बहुमत से विधानसभा में पहुंचेगी। सांसद हुड्डा ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आफताब अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार दक्षिणी हरियाणा विशेषकर पलवल व नूंह जिलों के साथ भेदभाव कर रही है। सभा के आयोजक प्रदेश कांग्रेस के डेलीगेट ईसराइल चौधरी ने कहा कि हथीन विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर पिछले चार वर्षों के दौरान एक ईंट नहीं लगी है।
सभा को होडल के विधायक उदयभान, पूर्व विधायक शहीदा, जिला युवक कांग्रेस के प्रधान तरूण तेवतिया, एजाज अहमद, मकसूद सिकरावा, सुभान खान आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संयोजन आलीमेव गांव के सरपंच शकरूल्लाह ने किया।